महराजगंज में डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में FIR दर्ज
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 29 May, 2026
- 139
महराजगंज। जिले में डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौतनवा तहसील क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित डीजल और पेट्रोल बरामद किया है। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है।
पहला मामला महदेइया चौराहे का है, जहां उप जिलाधिकारी नौतनवा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक की संयुक्त टीम ने सूरज किराना स्टोर पर छापा मारा। जांच के दौरान अलग-अलग गैलेन और बोतलों में कुल 20 लीटर डीजल और 14 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया। मौके पर मौजूद दुकान मालिक हरिलाल ने पूछताछ में कथित रूप से स्वीकार किया कि वह जीविकोपार्जन के लिए पेट्रोल-डीजल को अधिक कीमत पर बेचता था। प्रशासन ने बरामद तेल को जब्त करते हुए सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया है।
दूसरी कार्रवाई पेडारी चौराहा, ग्राम पंचायत निपनिया में की गई। यहां संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ छापेमारी कर इन्द्रकमल साहनी के घर से लगभग 48 लीटर डीजल और 9 लीटर पेट्रोल बरामद किया। जांच के दौरान कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। आरोप है कि पेट्रोल-डीजल फुटकर में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।
प्रशासन के अनुसार दोनों मामलों में उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल ऑयल और लाईट डीजल ऑयल (सम्भरण बनाये रखने और वितरण) आदेश, 1981 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डीजल-पेट्रोल की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


