महराजगंज में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 24 वाहन सीज
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 27 May, 2026
- 183
महराजगंज। जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सोमवार को बड़ी संयुक्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, सात लोडर, दो जेसीबी मशीन और दो डंपर को सीज किया गया। कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नदी तटों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। जांच के दौरान कई वाहन अवैध रूप से मिट्टी और बालू के खनन व परिवहन में संलिप्त पाए गए।
अधिकारियों ने वाहन चालकों और स्वामियों से खनन अनुमति तथा परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद नियमानुसार सभी वाहनों को सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध खनन से जहां सरकार को राजस्व की हानि होती है, वहीं पर्यावरण और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इसे देखते हुए जिले में लगातार अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें और अवैध खनन व परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें।


