फरेन्दा में किराना दुकान पर छापा, 268 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 30 May, 2026
- 57
महराजगंज। जिले में डीजल-पेट्रोल संकट के बीच कुछ लोग मुनाफाखोरी का खुला खेल खेलने से बाज नहीं आ रहे हैं। फरेन्दा क्षेत्र के विश्रामपुर चौराहा स्थित सिधवारी में शनिवार को प्रशासन ने एक किराना दुकान पर छापा मारकर अवैध रूप से छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक फरेन्दा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में दुकान के भीतर अलग-अलग गैलनों, डिब्बों और यहां तक कि पानी की बोतलों में 146 लीटर पेट्रोल और 122 लीटर डीजल भरा मिला। आरोप है कि संकट का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर तेल बेचने की तैयारी की जा रही थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दुकान संचालिका तान्या जायसवाल पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और बिक्री से जुड़ा कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकीं। अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में बिना लाइसेंस पेट्रोल बेचने और अवैध भंडारण की बात भी स्वीकार की गई है।
प्रशासन ने मौके से बरामद पूरा पेट्रोल और डीजल जब्त कर संबंधित पेट्रोल पंप की अभिरक्षा में सौंप दिया है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 तथा भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और आम लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिले में ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


