बाल श्रम पर सख्ती: 31 अगस्त तक ढाबों, होटलों व ईंट-भट्ठों का होगा सघन निरीक्षण

महराजगंज। जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से श्रम विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 31 अगस्त तक व्यापक अभियान चलाकर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करने और कहीं भी बाल श्रम मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने टास्क फोर्स में नामित निरीक्षण अधिकारियों से कहा कि ढाबों, ईंट-भट्ठों, होटल, रेस्टोरेंट, कार्यशालाओं, दुकानों तथा अन्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थान पर कोई बालक अथवा बालिका बाल श्रमिक के रूप में कार्यरत न मिले। उन्होंने अभियान को गंभीरता के साथ संचालित करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देशित किया कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई बच्चा बाल श्रम करते हुए मिले तो उसे तत्काल मुक्त कराकर पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर सामाजिक सुरक्षा से जोड़ा जाए।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाल श्रम से मुक्त कराए गए सभी बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराकर उनकी नियमित शिक्षा सुनिश्चित कराई जाए, ताकि वे दोबारा बाल श्रम की ओर न लौटें।

बैठक में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत पूर्व में हुई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को जारी आरसी की समीक्षा कर वसूली सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक अपराध है और किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि कोई व्यक्ति किसी बालक या बालिका को बाल श्रमिक के रूप में नियोजित करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी गणेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com