घर में घुसकर लाखों की चोरी और तोड़फोड़, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 12 Aug, 2026
- 31
महराजगंज। शहर के गांधी नगर वार्ड नंबर-16 निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर घर में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और सामान लूटने तथा तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
पीड़िता संगीता पाण्डेय, पत्नी व्यासमुनी पाण्डेय, के अनुसार 1 अगस्त 2026 को दोपहर करीब तीन बजे जब परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था, तभी कुछ लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपितों ने बाहर से सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ने के बाद सीढ़ी का दरवाजा तोड़ दिया और फिर कमरे का दरवाजा तथा खिड़की का शीशा तोड़कर घर में प्रवेश किया।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपित घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, पांच आभूषण तथा अन्य घरेलू सामान और कपड़े अपने साथ ले गए। यह नकदी बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए एकत्र की गई थी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों से उनके परिवार को जान का खतरा है।
11 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में संगीता पाण्डेय ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।


