शौचालय की टंकी तोड़ने के मामले में क्षतिपूर्ति की मांग, डीएम के आदेश के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप

महराजगंज। बागापार खास गांव निवासी काशी प्रसाद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण के दौरान उनके अनुदानित निजी शौचालय की टंकी क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में कार्रवाई और क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों पर अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने का भी आरोप लगाया है।

काशी प्रसाद के अनुसार, भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत उनके घर में अनुदानित शौचालय का निर्माण हुआ था। बागापार-महराजगंज वाया रामपुर बुजुर्ग मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क एवं नाली निर्माण के लिए खुदाई के दौरान उनकी शौचालय की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे मेठ अजय सिंह ने टंकी को क्षतिग्रस्त करवाया।

पीड़ित का कहना है कि मामले को लेकर उन्होंने पहले खंड विकास अधिकारी सदर को रजिस्टर्ड पत्र के माध्यम से शिकायत की। कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया गया। उनके मुताबिक जिलाधिकारी ने क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया था। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश गुप्ता ने मौके का निरीक्षण भी किया और क्षतिपूर्ति दिलाने की बात कही।

आरोप है कि करीब 15 दिन बाद जानकारी लेने पर ग्राम विकास अधिकारी ने पीड़ित से कहा कि क्षतिपूर्ति जिलाधिकारी के स्तर से दिलाई जाएगी अथवा जिलाधिकारी से पीडब्ल्यूडी को आदेश करवाया जाए। इससे पीड़ित को अब तक क्षतिपूर्ति नहीं मिल सकी है।

काशी प्रसाद ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की सक्षम अधिकारी से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त शौचालय की टंकी की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। उन्होंने 18 अगस्त 2026 को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com