दीपावली और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

गैर परंपरागत आयोजन पर रहेगी रोक, निर्धारित रूट और समय सारिणी का करना होगा पालन; बाजारों में सादे कपड़ों में तैनात होंगे पुलिसकर्मी

महराजगंज। दीपावली, छठ सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लोग शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए त्योहार मनाएं। किसी भी स्थिति में गैर परंपरागत आयोजन नहीं किया जाएगा। आयोजकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर संयुक्त बैठक आयोजित करने तथा पूजा पंडालों और छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि पूजा पंडालों और छठ घाटों पर साफ-सफाई, यातायात, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। विद्युत विभाग को जर्जर खंभों और लटकते तारों का सर्वे कर तत्काल मरम्मत कराने तथा रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। छठ घाटों और मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के साथ प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल टीम की तैनाती के निर्देश भी दिए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

वहीं, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अगले एक महीने तक त्योहारों का दौर रहेगा। ऐसे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में किसी भी छोटी घटना या विवाद की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजारों में सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि अराजक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता और सक्रियता के साथ ड्यूटी करने को कहा।

बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजनों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। इस दौरान दोनों समुदायों के लोगों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि दीपावली, छठ सहित सभी आगामी त्योहार आपसी सद्भाव, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम, सीओ सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com