पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता में संतकबीरनगर और बस्ती का शानदार प्रदर्शन, रोमांचक मुकाबलों में दर्ज की जीत
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 10 Nov, 2026
- 41
महराजगंज। जनपद में आयोजित गोरखपुर जोन की उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के तहत मंगलवार को नॉकआउट चरण के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों ही मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में संतकबीरनगर ने बहराइच को 11 रनों से शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में बस्ती की टीम ने देवरिया को 8 रनों से हराकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बहराइच और संतकबीरनगर की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए संतकबीरनगर की टीम ने 130 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच की टीम निर्धारित खेल में 118 रन ही बना सकी। इस तरह संतकबीरनगर ने 11 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी करते हुए संतकबीरनगर के ज्ञानेन्द्र ने तीन ओवर में महज 20 रन देकर चार विकेट झटके। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, दूसरा मुकाबला बस्ती और देवरिया की टीमों के बीच खेला गया। बस्ती ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रनों का लक्ष्य निर्धारित किया। जवाब में उतरी देवरिया की टीम बस्ती के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 119 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस तरह बस्ती ने आठ रनों से रोमांचक जीत हासिल की। बस्ती के खिलाड़ी आशुतोष ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में 48 रनों की आकर्षक पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दोनों मुकाबलों में संतकबीरनगर और बस्ती की जीत के साथ प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों में भी उत्साह बनाए रखा।


