अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, थाना प्रभारियों की भी तय होगी जवाबदेही : डीआईजी एस. चन्नप्पा
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 13 Nov, 2026
- 105
महराजगंज। पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन महराजगंज में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं और मुकदमों के त्वरित निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा महिला एवं बाल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों के अनुशासन और आचरण में लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने डीआईजी को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में डीआईजी ने जनपद की पुलिसिंग की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, हत्या, लूट, वाहन चोरी, अपहरण, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन, गोकशी और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक विवेचना निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरी की जाए। महत्वपूर्ण मुकदमों को चिह्नित कर उनमें प्रभावी पैरवी की जाए, जिससे अपराधियों को न्यायालय से शीघ्र सजा दिलाई जा सके। उन्होंने दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के लिए ई-साक्ष्य और यक्ष ऐप का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया।
अपराधियों की गतिविधियों पर रखें नजर
डीआईजी ने वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने और हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन कराने के निर्देश दिए। अवैध खनन, गोकशी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। नाबालिगों के वाहन चलाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने तथा प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर विशेष जोर
महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के साथ साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ बैंक, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर भी जोर दिया।
मिशन शक्ति टीम को मिला प्रशस्ति पत्र
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मिशन शक्ति टीम को डीआईजी एस. चन्नप्पा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए टीम के प्रयासों की सराहना की।
पुलिसकर्मियों की वर्दी और आचरण पर सख्ती
डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी मानकों का पालन करने और अनुशासित व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी पुलिसकर्मी के आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने, अभद्र व्यवहार करने अथवा विभाग की छवि धूमिल करने वाले आचरण पर संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय होगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
आगामी छठ पूजा के मद्देनजर घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। स्थानीय आयोजकों और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर घाटों का निरीक्षण करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा गया। जनसुनवाई में मिलने वाली शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की भी हिदायत दी गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियानों, अपराध एवं तस्करी नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


