छठ पर्व को लेकर महराजगंज पुलिस अलर्ट, सीओ ने छठ घाटों का किया निरीक्षण
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 13 Nov, 2026
- 44
महराजगंज। आगामी छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल में पुलिस बल के साथ छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसी क्रम में सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने थाना पनियरा क्षेत्र के अंकटहवा छठ घाट का निरीक्षण किया। यह घाट पनियरा-पीपीगंज बॉर्डर पर स्थित है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज एवं थानाध्यक्ष पीपीगंज से वार्ता कर दोनों क्षेत्रों के बीच समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद सीओ सदर ने मुजुरी स्थित छठ घाट का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम प्रधान से बातचीत कर घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन के रास्तों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को पर्व के दौरान सतर्कता बरतने और घाटों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ यातायात सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
महराजगंज पुलिस का कहना है कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।


