मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन,38 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 13 May, 2026
- 465
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। उनकी उम्र 38 वर्ष थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।
सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने पर प्रतीक यादव को लखनऊ के एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों बाद हालत में सुधार होने पर वह घर लौट आए थे। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और रियल एस्टेट व फिटनेस कारोबार से जुड़े थे। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे। इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ संस्था के माध्यम से स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन और रेस्क्यू का कार्य भी करते थे।
प्रतीक और अपर्णा यादव की मुलाकात साल 2001 में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और बाद में 4 दिसंबर 2011 को सैफई में दोनों ने शादी की। इस हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह में कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की दो बेटियां हैं।


