एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 07 May, 2026
- 63
महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, 34 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
श्यामदेउरवा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पिपरपाती से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार पासवान और संदीप पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर जिले में एटीएम के आसपास रेकी कर भोले-भाले लोगों को मदद के बहाने झांसे में लेते थे। इसके बाद उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपित बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। संदेह से बचने के लिए घूम-घूम कर सामान बेचने का काम करते थे और घटना के दौरान किराये के वाहनों का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का भी कम उपयोग करते थे। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पिछले कई महीनों से इस गिरोह को सक्रिय रूप से चला रहे थे और इनका नेटवर्क महराजगंज, गोरखपुर तथा कुशीनगर तक फैला हुआ है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 34 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है।

