हर घर जल योजना में गड़बड़ी का आरोप, बिना टोटी वाले स्थल को घोषित किया गया 'जल उपलब्ध'
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 06 Oct, 2025
- 128
महराजगंज। जिले के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव में ग्राम प्रधान और सचिव पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं। गांव में ‘हर घर जल’ योजना के अंतर्गत तैयार की गई प्रमाणित सूची में उन स्थानों को भी ‘जल उपलब्ध’ दर्शा दिया गया है, जहां पानी की पाइप और पानी की टोटी पहुंची ही नहीं है। परफॉर्मेंस गांव होने के बाद भी सामुदायिक शौचालय का हाल भी बेहाल है जो अपनी दुर्दशा पर रो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रमाणित प्रति में गांव के सामुदायिक शौचालय को भी सुरक्षित पेयजल से युक्त दिखाया गया है, जबकि हकीकत यह है कि वहां एक भी टोटी नहीं लगी है। ग्रामीण रवि, अभिषेक, मंजेश, अश्वनी और चंदन ने बताया कि ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा मनमाने ढंग से कागजों में कार्य पूर्ण दर्शाया गया है, जबकि जमीनी स्थिति बिल्कुल विपरीत है।
ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक स्थलों पर जल व्यवस्था होनी चाहिए थी, परंतु कमीशनखोरी के कारण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी गांव में हाई मास्ट लाइट की निविदा को लेकर अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं। अब एक बार फिर लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव हर घर जल योजना में गड़बड़ी को लेकर सुर्खियों में है।
इसी संबंध में ग्राम प्रधान और सचिव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों ने फोन रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

