कार्य में लापरवाही पर डीएम सख्त, आठ ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के दिए निर्देश
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 22 Sep, 2026
- 236
महराजगंज: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को चौक नगर पंचायत पहुंचकर जनपद के सभी नगर निकायों एवं डूडा की योजनाओं की निकायवार समीक्षा की। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं में देरी पाए जाने पर आठ ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।
सोनौली में सीवरेज जल निकासी योजना में विलंब पर मेसर्स अहद और मेसर्स हरिनंदन, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना में देरी पर मेसर्स आशुतोष दूबे, नगर पंचायत आनंदनगर में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के कार्यों में विलंब के लिए मेसर्स जगदंबा और मेसर्स मां शारदा तथा चौक में वंदन योजना के अधूरे कार्यों को लेकर मेसर्स रामनिवास सिंह और मेसर्स धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने महराजगंज, सिसवा और चौक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों का जिलास्तरीय अधिकारियों की टीम से स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही अब तक डीपीआर प्रेषित न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित निकायों को शुक्रवार तक डीपीआर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विद्यालयों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों का खंड शिक्षा अधिकारियों से सत्यापन कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जियो टैगिंग में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत जियो टैगिंग पूरी करने को कहा।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने ऋण आवेदन और वितरण की प्रगति बढ़ाने पर जोर देते हुए पात्र रेहड़ी-पटरी एवं छोटे व्यवसायियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, सभी अधिशासी अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

