सामूहिक विवाह योजना में खुशियों की बहार: महराजगंज में 1336 जोड़ों ने रचाई शादी, केंद्रीय मंत्री ने दिया आशीर्वाद
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 04 Nov, 2025
- 306
महराजगंज। जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज मैदान में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं कीं।
इस दौरान पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया तथा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय भी मौजूद रहे। अतिथियों ने पुष्प वर्षा कर वर-वधू जोड़ों का स्वागत किया और नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत है, जिसके तहत सरकार विवाह का संपूर्ण व्यय वहन करती है और नवदंपतियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है। यह योजना सामाजिक समरसता और सहयोग की मिसाल है।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराने में सहायक सिद्ध हो रही है। वहीं, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को प्रतिबद्ध है। सामूहिक विवाह योजना सादगी और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है।
कार्यक्रम में कुल 1336 जोड़ों का विवाह पंजीकरण हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

