उत्साह और खेल भावना के संग सांसद खेल स्पर्धा का भव्य समापन, प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिला सम्मान

महराजगंज। जिला मुख्यालय के धनेवा धनेई स्थित छत्रपति शिवाजी स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा का समापन गुरुवार को उत्साह, खेल भावना और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजकों से भरे स्टेडियम में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। खेलों के माध्यम से अनुशासन, भाईचारे और प्रतिस्पर्धा की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि संत कबीर नगर के पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अष्टभुजा शुक्ला ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त मंच है। खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का विकास होता है। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार योजनाएं चला रही हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब गांव-गांव तक दिखाई दे रहा है।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि खेल आज युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेलो इंडिया और सांसद खेल स्पर्धा जैसी पहल से युवाओं की सोच में बदलाव आया है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में उतरना ही सबसे बड़ी जीत है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सुपुत्र, वरिष्ठ भाजपा नेता रोहन चौधरी ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और सांसद खेल स्पर्धा से जिले के सैकड़ों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। भाजपा सरकार खेलों को रोजगार और करियर से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने लखनऊ से राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन का सीधा प्रसारण भी देखा। अंत में विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com