बीएलओ पर नाबालिगों के नाम जोड़ने और जीवितों के नाम काटने का आरोप, डीएम से जांच की मांग

महराजगंज। जनपद की निचलौल तहसील क्षेत्र के ढेसौं गांव में निर्वाचन नामावली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर बीएलओ पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची में हेराफेरी किए जाने की शिकायत की है।

ग्रामीणों रामेश्वर साहनी, अमानुल्लाह, मुर्तुजा अंसारी, फकरुद्दीन सहित अन्य का आरोप है कि गांव में कई ऐसे लोगों के नाम निर्वाचन नामावली से काट दिए गए हैं, जो जीवित हैं, जबकि उन्हें मृतक दर्शाया गया है। वहीं कुछ मतदाताओं के नाम उनके मूल वार्ड से हटाकर दूसरे वार्डों में दर्ज कर दिए गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सबसे गंभीर मामला नाबालिगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाने का है। आरोप है कि जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम है, उनके नाम भी निर्वाचन नामावली में शामिल कर दिए गए हैं, जो निर्वाचन नियमों का खुला उल्लंघन है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीएलओ गांव की ही रहने वाली एक युवती है, जिसकी शादी दूसरे गांव में हो चुकी है, इसके बावजूद उसका नाम अब तक मतदाता सूची से नहीं काटा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वह पंचायत सदस्य की बहन है और आगामी पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से अवैध लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की गई थी, जिस पर अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या कदम उठाता है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com