आईजीआरएस निस्तारण में फरेंदा व नौतनवां तहसील को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान, जानें जनपद का हाल!
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 08 Jan, 2026
- 112
महराजगंज। जन शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में महराजगंज जनपद ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। नवीनतम आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद को प्रदेश में 13वां स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि फरेंदा और नौतनवां तहसील ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इससे जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और शिकायत निस्तारण व्यवस्था की मजबूती सामने आई है।
आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में तय मानकों और एसओपी का कड़ाई से पालन किया गया। राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर जांच की गई। इसके बाद ही जांच रिपोर्ट तैयार कर अपलोड की गई। शिकायतकर्ता से सीधी बातचीत कर संतुष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आंकड़ों के अनुसार बीते छह माह में जिले में डिफॉल्ट प्रकरणों का प्रतिशत मात्र 0.06 रहा, जो प्रदेश स्तर पर बेहतर स्थिति दर्शाता है। कुल 380 प्रकरणों में 77 प्रतिशत से अधिक शिकायतों में संतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ। जिले में सी श्रेणी के संदर्भ शून्य रहे। जनपद को कुल 140 में से 131 अंक मिले, जो 93.57 प्रतिशत है।
दिसंबर माह में फरेंदा तहसील में 63 प्रकरणों पर फीडबैक लिया गया, जिसमें सभी शिकायतकर्ता निस्तारण से संतुष्ट पाए गए। इसी तरह नौतनवां तहसील में भी शत-प्रतिशत संतोषजनक फीडबैक मिला।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर फरेंदा व नौतनवां तहसील की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अन्य तहसीलों को भी इसी कार्यशैली से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

