पंचायती राज ग्रामीण सफाई संघ: प्रदुम्न सिंह लगातार नौवीं बार बने जिलाध्यक्ष
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 18 Jan, 2026
- 386
महराजगंज। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय चुनाव में प्रदुम्न सिंह ने लगातार नौवीं बार जिलाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी बृजेश जायसवाल को भारी मतों से पराजित किया।
चुनाव अधिकारी आदित्य प्रताप सिंह की देखरेख में यह चुनाव एक निजी लॉन में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। जिलाध्यक्ष पद के लिए प्रदुम्न सिंह को कुल 858 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बृजेश जायसवाल को मात्र 190 मत ही मिल सके।
जिला महामंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में रामजीत गुप्ता ने जीत हासिल की। उन्हें 412 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सरोज कुमार साहनी को 357 मत मिले। वहीं जिला कोषाध्यक्ष पद पर सत्येन्द्र कुमार दुबे निर्वाचित घोषित किए गए। उन्हें 619 मत मिले, जबकि अजीत कुमार मिश्रा को 435 मतों से संतोष करना पड़ा।
इसके अलावा जिला संगठन मंत्री पद पर पारस नाथ यादव तथा जिला संप्रेक्षक मंत्री पद पर पन्नेलाल यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए।
परिणाम घोषित होते ही चुनाव स्थल पर उत्साह का माहौल बन गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समर्थकों ने फूल-मालाओं से लादकर बधाई दी और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संतराज यादव, बृजेश कुमार, अशोक कुमार खरवार, राजन चौबे, सदानंद यादव, सुनील कुमार गुप्ता, कमल किशोर, धर्मेंद्र निषाद, अरुण कुमार, रामभवन, संदीप कुमार, जयकरन, जयप्रकाश यादव, आजाद यादव सहित सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

