मनरेगा कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, सीआईबी न मिलने पर जताई नाराजगी

शौचालय में गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित स्वयं सहायता समूह की सेवा समाप्त करने का दिए आदेश 

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को ब्लॉक मिठौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमौली में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, पारदर्शिता तथा श्रमिकों की सहभागिता का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। मौके पर कुल नौ श्रमिक कार्यरत पाए गए। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी के मुख्य कक्ष, रसोईघर सहित अन्य संरचनाओं का निरीक्षण कर सृजित मानव दिवस एवं निर्माण लागत की जानकारी प्राप्त की। तकनीकी सहायक ने बताया कि अब तक 394 मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। आंगनबाड़ी भवन की कुल लागत लगभग 12 लाख रुपये है, जिसमें आठ लाख रुपये मनरेगा मद से, दो लाख रुपये राज्य वित्त से तथा दो लाख रुपये बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा वहन किए जा रहे हैं।

आंगनबाड़ी निर्माण स्थल पर सूचना प्रदर्शक बोर्ड (सीआईबी) न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सीआईबी लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सभा की अवशेष भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण कराने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने चकनाली खुदाई कार्य का निरीक्षण किया। तकनीकी सहायक ने बताया कि इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 42 हजार रुपये है। जिलाधिकारी ने उपायुक्त मनरेगा को कार्य के इस्टीमेट की जांच कराने के निर्देश दिए। चकनाली निर्माण स्थल पर भी सीआईबी न होने पर उन्होंने असंतोष जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मनरेगा कार्य स्थलों पर अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड लगाया जाए। साथ ही मजदूरों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप रखने के निर्देश दिए, ताकि संसाधनों का समुचित उपयोग हो सके।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने सरोवर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित स्वयं सहायता समूह की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दोनों कार्य स्थलों की जानकारी अपनी निरीक्षण एरिया इंस्पेक्शन एप पर अपलोड की। इस अवसर पर उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com