51 कदम का झांसा, जेवर-नकदी पर हाथ साफ; चार अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 07 Feb, 2026
- 178
महराजगंज। कोतवाली पुलिस, एसओजी, स्वाट टीम व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में योजना बनाकर लोगों से ठगी करने वाले चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है।
थाना कोतवाली में पंजीकृत मुकदमा संख्या 74/2026 धारा 112(2) व 317(2) बीएनएस में प्रकाश में आए अभियुक्तों को शनिवार तड़के निचलौल रोड स्थित फायर सर्विस स्टेशन मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शहजाद मोहम्मद (24), सैदू हसन (30) व एजाज (22) निवासी ग्राम सभा कोपा, थाना गदरपुर, जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड तथा गफ्फार हुसैन (28) निवासी शाहपुर गेसूपुर जनूबी, थाना किठौर, जिला मेरठ शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग रंग के पत्थर दिखाकर विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन कराने का झांसा देते थे। इसके बाद लोगों से आंख बंद कर 51 कदम चलने को कहते थे और इसी दौरान उनके जेवरात व नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपितों के पास से पीली धातु के जेवरात (कान की बाली, अंगूठी, मंगलसूत्र का लाकेट, कान के टाप्स), सफेद धातु के आभूषण, पांच मोबाइल फोन (एक स्मार्टफोन व चार की-पैड फोन), 4531 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पीलीभीत, रामपुर और ललितपुर जनपदों में भी धोखाधड़ी और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी, स्वाट टीम व सर्विलांस सेल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

