नाली विवाद में मासूम की मौत, शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता

महराजगंज। जनपद के चौक थाना क्षेत्र में नाली निर्माण को लेकर हुए जमीनी विवाद में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। बच्ची की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

महिला चौक थाना अंतर्गत सिहुली परसा गांव की निवासी है पीड़ित महिला का आरोप है कि दो फरवरी को नाली बनाने को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उसके घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला का कहना है कि आरोपितों ने उसके बाल पकड़कर घसीटते हुए घर से बाहर निकाला और उसकी गोद में मौजूद दुधमुंही बच्ची को छीनकर खेत में फेंक दिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान रविवार 09 फरवरी को बच्ची की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

मामले में चौक थाना प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि नाली विवाद को लेकर महिला और उसकी जेठानी के खिलाफ पहले से ही एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। उन्होंने बताया कि बच्ची पहले से पैरालाइज्ड अवस्था में थी और उसको कोई चोट के निशान नहीं है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com