प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, युवक की नृशंस हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

चार दिन बाद खेत से मिला शव, दो आरोपी व एक नाबालिग अपचारी गिरफ्तार

महराजगंज। प्रेम संबंधों से जुड़ी सामाजिक बदनामी के डर ने एक युवक की जान ले ली। थाना फरेंदा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों और एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध उजागर होने से घबराकर आरोपियों ने युवक को बहाने से बुलाया और उसकी हत्या कर शव खेत में छिपा दिया।

पुलिस के मुताबिक, बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया (17) बीते दो फरवरी की शाम तिलक-एनिवर्सरी कार्यक्रम देखने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। चार दिन बाद छह फरवरी को थाना फरेंदा क्षेत्र के लेजार महदेवा गांव स्थित दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत से युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।

जांच में सामने आया कि आदित्य का मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से प्रेम संबंध था। यह बात सामने आने के बाद सामाजिक बदनामी के भय से आरोपियों ने साजिश रचकर आदित्य को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को तालाब के पास खेत में छिपा दिया गया, ताकि मामला गुमशुदगी या दुर्घटना जैसा लगे।

पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित टीम ने फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुख्ता सबूत मिलने पर पुलिस ने मथुरा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता और एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेजा गया।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com