गैस संकट के बीच प्रशासन सख्त, शिकायत के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 14 Mar, 2026
- 80
महराजगंज। जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने और कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस वितरण से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8423675896 जारी किया गया है, जिस पर आमजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल बनाए गए हैं, जबकि एसडीएम विजय यादव सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इसकी निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। किसी एजेंसी या व्यक्ति के अवैध भंडारण या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण व्यवस्था बनाए रखने और उपभोक्ताओं को नियमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके लिए चारों तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित कर औचक छापेमारी, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच कराने को कहा गया है।
साथ ही राजस्व, खाद्य एवं रसद विभाग, तेल कंपनियों के नोडल अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें भी निगरानी करेंगी। सोशल मीडिया और विभिन्न चैनलों पर फैलने वाले संदेशों व वीडियो पर भी प्रशासन नजर रखेगा। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के निर्देश पर फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है। पारदर्शी वितरण के लिए ओटीपी के माध्यम से रीफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू की जा रही है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर होम डिलीवरी के जरिए गैस सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अनावश्यक भंडारण न करने और गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाने की अपील की है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है।
प्रशासन के अनुसार 13 मार्च को जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की 9663 बुकिंग दर्ज की गई, जबकि पिछले दिन यह संख्या 11163 थी। 13 मार्च 2026 को जिले में 15343 सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध था, जिसके मुकाबले 9761 सिलिंडरों की बिक्री हुई। 14 मार्च को घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रारंभिक स्टॉक 5582 बताया गया है।
जिले में आईओसीएल की 18, बीपीसीएल की 9 और एचपीसीएल की 20 गैस एजेंसियों के माध्यम से एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है और फिलहाल किसी तरह की समस्या नहीं है।

