निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा ।
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Mar, 2026
- 215
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर के बाहर जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च को घुघुली थाना क्षेत्र के पुरैना बेलवा मार्ग पर बाइक की टक्कर में एक महिला देवांता देवी 60 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि वे घायल महिला को केएमसी कॉलेज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें बरगलाकर सदर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। आरोप है कि वहां से बाद में महिला को दूसरे निजी अस्पताल ले जाकर उसका ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत और बिगड़ गई और आज सुबह तड़के उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही के साथ ही गुमराह कर भर्ती कराने का आरोप लगाया।
सूत्रों की मानें तो मृतका के परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच मामले को मैनेज करने की कोशिश भी चल रही है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कोई क्या कार्रवाई करता है ?

