रंजिश में रिश्तों पर वार: फुफेरे भाई पर जानलेवा हमला, घुघली पुलिस ने आरोपी को दबोचा
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 24 Mar, 2026
- 167
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बर्बर वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। पुरानी रंजिश में आरोपी ने बाइक से जा रहे अपने फुफेरे भाई पर लोहे की पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेरहमी की हद तब पार हो गई जब आरोपी ने करीब 10 बार वार कर युवक को लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों ने दौड़कर बीच-बचाव किया, तब जाकर उसकी जान बच सकी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पतरेंगवा गांव का रहने वाला है, जो घुघली इलाके में जीविकोपार्जन के लिए काम करता था। रोजी-रोटी कमाने आया युवक अपने ही रिश्तेदार की रंजिश का शिकार बन गया।
पुलिस के मुताबिक, महन्थ बाजार निवासी सदानन्द वर्मा (23) का अपने फुफेरे भाई से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद घुघली पुलिस ने मु0अ0सं0 60/2026 धारा 109(1), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बैकुण्ठी मंदिर के पास बांस की झुरमुट में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में हमले में इस्तेमाल लोहे की पाइप भी बरामद हुई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात और सामने आए सीसीटीवी फुटेज को देख लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

