अवैध खनन पर डीएम-एसपी का सख्त रुख, अफसरों की क्लास; बिना वीएलटीडी वाहनों पर होगी कार्रवाई
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 24 Mar, 2026
- 88
महराजगंज। जनपद में लगातार मिल रही अवैध खनन और अवैध परिवहन की शिकायतों पर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने हाइब्रिड बैठक कर सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई।
बैठक में जब खनन विभाग से पंजीकृत वाहनों का ब्योरा लिया गया तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। जनपद में 327 वाहन खनन परिवहन के लिए पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से महज 8 वाहनों में ही वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) लगा है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि यह स्थिति कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन वाहनों में वीएलटीडी नहीं है, उनके खिलाफ तत्काल प्रभाव से विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने यह भी साफ किया कि खनन सामग्री का परिवहन निर्धारित मानकों के तहत ही होगा। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही गैर वाणिज्यिक वाहनों से खनन सामग्री ढोने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा गया। पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को संयुक्त रूप से ऐसे मामलों पर नजर रखने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पंजीकृत वाहनों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएम ने सभी वाहनों पर अनिवार्य रूप से संकेतक चिन्ह (पेंटिंग या अन्य माध्यम) लगाने के निर्देश दिए। बिना चिन्ह वाले वाहनों को भी कार्रवाई के दायरे में लाने को कहा गया।
अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए डीएम ने राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों का गठन करने के निर्देश दिए। इन टीमों को प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल औचक चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। डीएम ने दो टूक कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब सख्त से सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह, सभी उपजिलाधिकारी और खनन अधिकारी मौजूद रहे।

