झोलाछाप के इंजेक्शन से किशोरी की मौत, भारी बवाल के बाद सड़क जाम
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 30 Mar, 2026
- 351
➡️ मामूली बुखार में लगा इंजेक्शन बना मौत की वजह
➡️ झोलाछाप डॉक्टर पर फूटा गुस्सा, शव रखकर घंटों सड़क जाम
➡️ गिरफ्तारी के बाद देर रात शांत हुआ बवाल, इलाके में तनाव
महराजगंज। नगर के अमरुतिया के पासी टोला में झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही ने 17 वर्षीय किशोरी की जान ले ली और पूरे इलाके में गुस्सा भड़क उठा। परिजनों के अनुसार मामूली बुखार में इलाज कराने गई मोनिका को ऐसा इंजेक्शन लगा दिया गया, जिसने कुछ ही पलों में उसकी हालत बिगाड़ दी। मौके पर ही वह अचेत होकर गिर पड़ी। घबराए परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश भड़क उठा। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने पर सैकड़ों ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और शव को जबरन ले जाने पर अड़ गए। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सदर कोतवाल निर्भय सिंह और सीओ सदर अंकुर गौतम ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोग नहीं माने।
(मोनिका की फाइल फोटो)
आक्रोशित भीड़ जबरन शव को पोस्टमार्टम हाउस से लेकर फरेंदा-गोरखपुर मार्ग पर प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए सक्सेना चौराहा पहुंच गई और सड़क जाम कर दी। घंटों तक यातायात ठप रहा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई थानों की फोर्स को मौके पर लगाना पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि बैकुंठपुर चौराहे पर स्थित सोनू मेडिकल स्टोर का झोलाछाप डॉक्टर ने मना करने के बावजूद इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद किशोरी की हालत बिगड़ गई। देर रात पुलिस के आश्वासन और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद किसी तरह जाम समाप्त कराया जा सका।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। घटना ने एक बार फिर जिले में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों के नेटवर्क पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

