इंजेक्शन के बाद किशोरी की मौत प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग का सोनू मेडिकल स्टोर पर छापेमारी
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 31 Mar, 2026
- 165
महराजगंज: सदर कोतवाली क्षेत्र के बैकुंठपुर में किशोरी की इंजेक्शन लगने के बाद हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत प्रारंभिक जांच आख्या सामने आ गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर गठित टीम, जिसमें नोडल अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र आर्या शामिल थे, ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर सोनू मेडिकल स्टोर का स्थलीय निरीक्षण किया।
जांच टीम को निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर बंद मिला और संचालक मौके से फरार पाया गया। अभिलेखीय जांच में दुकान के वैध औषधि लाइसेंस की स्थिति संदिग्ध पाई गई है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। टीम के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला किसी गैर-पंजीकृत व्यक्ति द्वारा अनधिकृत रूप से इंजेक्शन लगाने का प्रतीत होता है, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन है।
परिजनों के अनुसार, अमरुतिया क्षेत्र की रहने वाली छात्रा मोनिका को बुखार की शिकायत पर उक्त मेडिकल स्टोर ले जाया गया था, जहां संचालक ने उसे इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही एफआईआर संख्या 0181, दिनांक 29 मार्च 2026 को दर्ज कर आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इंजेक्शन की प्रकृति और मृत्यु के वास्तविक कारणों का मिलान कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस से जबरन उठाकर सक्सेना चौराहे पर सड़क जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। देर रात करीब डेढ़ बजे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही जाम समाप्त हुआ।
स्वास्थ्य विभाग ने अपनी संस्तुति में दोषी पाए जाने पर मेडिकल स्टोर संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई, एफआईआर में बढ़ोतरी तथा लाइसेंस (यदि कोई हो) निरस्त करने की सिफारिश की है। साथ ही पूरे क्षेत्र में संचालित अन्य मेडिकल स्टोरों की सघन जांच अभियान चलाने का प्रस्ताव भी दिया गया है।

