जीवित महिला को मृत दिखा जारी कर दिया प्रमाण पत्र, ऑडियो वायरल होने पर मची खलबली
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 09 Apr, 2026
- 11
महराजगंज। सदर ब्लॉक के कटहरा गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां तैनात ग्राम पंचायत सेक्रेटरी रामपाल यादव द्वारा एक जीवित महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। यह घटना तब सुर्खियों में आई जब इस प्रकरण से जुड़ा एक ऑडियो वायरल हो गया, जिसमें सेक्रेटरी स्वयं अपनी गलती स्वीकारते सुनाई दे रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिना पर्याप्त सत्यापन के महिला को कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। जब एक पत्रकार ने इस मामले में सेक्रेटरी से फोन पर संपर्क कर जानकारी मांगी, तो पहले उन्होंने मामले को टालने और दबाने का प्रयास किया। हालांकि, बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद उन्होंने अपनी गलती मानते हुए सफाई दी कि गांव वालों द्वारा गलत सूचना दी गई और एक ही नाम की दो महिलाओं के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मात्र नाम के आधार पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है? क्या संबंधित अधिकारी द्वारा पहचान, पति का नाम, पता और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन नहीं किया गया? यदि ऐसा है, तो यह न केवल घोर लापरवाही है, बल्कि सरकारी प्रक्रिया की गंभीर अनदेखी भी है।
मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे संवेदनशील दस्तावेज का गलत जारी होना किसी भी व्यक्ति के अधिकारों और सरकारी रिकॉर्ड पर गहरा असर डाल सकता है। इससे भविष्य में संपत्ति, पेंशन, बीमा और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में भारी दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं।
हालांकि सेक्रेटरी रामपाल यादव का कहना है कि त्रुटि को सुधार दिया गया है, लेकिन सवाल यह भी उठता है कि क्या केवल सुधार कर देने से इतनी बड़ी चूक की भरपाई हो सकती है? इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाया है, बल्कि उच्चाधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

