विकलांग रिक्शा चालक से मारपीट पर पुलिस एक्शन, आरोपी पर केस दर्ज… वीडियो वायरल होते ही हेड कांस्टेबल निलंबित
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 27 Apr, 2026
- 314
महराजगंज। जिले के घुघली थाना क्षेत्र में विकलांग रिक्शा चालक से मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। पकड़ी सिसवा चौराहे पर शनिवार शाम शराब के नशे में धुत एक रिक्शा चालक ने विकलांग रिक्शा चालक को पीट दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने हालात संभाले, लेकिन कार्रवाई के दौरान सामने आया वीडियो अब पुलिस विभाग पर भी भारी पड़ गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब छह बजे पकड़ी सिसवा चौराहे पर रामउग्रह नामक व्यक्ति विकलांग रिक्शा चालक भकोल शर्मा के साथ मारपीट कर रहा था। सूचना पर पहुंचे हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह ने दोनों को अलग कर मामला शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान रामउग्रह पुलिसकर्मी से भी उलझ गया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पीड़ित भकोल शर्मा की तहरीर पर आरोपी रामउग्रह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें पुलिस कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल का व्यवहार सवालों के घेरे में दिखा। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्दी की मर्यादा भी उतनी ही जरूरी है। किसी भी स्तर पर अभद्रता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

