जयमाल में फोटो खिंचवाने को लेकर बवाल, दूल्हे के बड़े भाई की मौत
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 27 Apr, 2026
- 142
शव लेकर दुल्हन पक्ष के घर पहुंचे ग्रामीण, घंटों हंगामा; कई हिरासत में
महराजगंज: जिले में शादी समारोह के दौरान जयमाल में फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दूल्हे के बड़े भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना नौतनवा थाना क्षेत्र के चड़लहा गांव निवासी दीपेंद्र प्रजापति की बारात से जुड़ी है। उसकी शादी सोनौली कोतवाली क्षेत्र के बरगदही गांव निवासी युवती से तय हुई थी। रविवार शाम बारात धूमधाम से बरगदही पहुंची थी। स्वागत-सत्कार और रस्में चल रही थीं। इसी बीच जयमाल के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि मारपीट के दौरान दूल्हे के बड़े भाई विनोद को घेरकर पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए गोरखपुर ले गए, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही दूल्हा पक्ष के लोग और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सैकड़ों की संख्या में लोग शव लेकर दुल्हन पक्ष के घर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात काबू में किए।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

