महराजगंज में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग बेनकाब, शादी का सपना दिखाकर युवक से ठगे लाखों रुपये

महराजगंज।  जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का सिंदुरिया पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹39,500 नकद, एक मंगलसूत्र और चांदी की पायल बरामद की है। मामले का मास्टरमाइंड जितेंद्र अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक एटा जनपद निवासी रंजीत चौहान अपने पिता, भाई, मामा, जीजा और चालक के साथ शादी तय होने पर महराजगंज पहुंचे थे। आरोप है कि गिरोह ने अंजलिका नामक महिला को “पूजा” बताकर अविवाहित लड़की के रूप में पेश किया और युवक से शादी तय करा दी। जबकि बाद में खुलासा हुआ कि अंजलिका पहले से शादीशुदा है और उसका दो साल का बेटा भी है।

बताया गया कि सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक मंदिर के पास शादी की रस्में शुरू कराई गईं। इसी दौरान युवक पक्ष से खाने-पीने के नाम पर ₹10 हजार, शादी कराने के नाम पर ₹90 हजार व ₹26 हजार कीमत का मंगलसूत्र तथा एक जोड़ी चांदी की पायल ले ली गई।

शक होने पर जब युवक पक्ष ने सवाल किया तो आरोपित महिलाओं ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आईं। इस दौरान युवक, उसके मामा और जीजा को चोटें आईं। हंगामे का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी जितेंद्र कथित दुल्हन अंजलिका को लेकर फरार हो गया, जबकि अन्य महिलाएं भी जान-माल की धमकी देते हुए भाग निकलीं।

घटना की सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार तड़के पुलिस टीम ने चिउटहा बाजार के पास दबिश देकर लालती, सुमित्रा, काजल और अंजलिका को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में ₹39,500 नकद, मंगलसूत्र और पायल बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह रिश्तेदारी के जाल में काम करता था। लालती मुख्य समन्वयक की भूमिका में थी। काजल और सुमित्रा ने अंजलिका को दोबारा शादी के लिए तैयार कराया, जबकि सुमित्रा ने खुद को गूंगी-बहरी बताकर लोगों को झांसे में लेने की कोशिश की।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार लालती पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपित महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फरार आरोपी जितेंद्र की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

इस घटना के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा तेज है कि शादी जैसे पवित्र रिश्ते को भी ठगी का जरिया बना लिया गया। पुलिस लोगों से सतर्क रहने और बिना पूरी जांच-पड़ताल शादी तय न करने की अपील कर रही है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com