अधिवक्ता से छिनैती का प्रयास, आरोपित गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 29 Apr, 2026
- 287
महराजगंज। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अधिवक्ता से छिनैती का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुबह करीब 10:15 बजे अपने घर से कचहरी जा रहे थे। ग्राम पनेवा-पनेई स्थित कुटीर के पास एक अज्ञात युवक ने उन्हें रोककर मोबाइल, पर्स और मोटरसाइकिल (UP56AK3874) छीनने की कोशिश की। विरोध और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसी दौरान डायल 112 पर भी सूचना दे दी गई।
पकड़े गए युवक को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मिनहाज पुत्र मुर्तुजा निवासी ग्राम बेलभरिया, थाना कोठीभार बताया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

