एसपी का चला चाबुक, चौकी प्रभारियों समेत कई उपनिरीक्षक लाइन हाजिर

महराजगंज पुलिस विभाग में अचानक हुए बड़े फेरबदल ने महकमे में हलचल बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने एक साथ कई उपनिरीक्षकों और चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर सख्त संदेश दिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

जारी आदेश के मुताबिक नगर कोतवाली, घुघली, सिंदुरिया, फरेंदा, कोल्हुई, पुरंदरपुर और नौतनवा क्षेत्रों में तैनात कई उपनिरीक्षकों को हटाकर सीधे पुलिस लाइन भेज दिया गया। इसमें चौकी प्रभारी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।

सूची में उ0नि0 धर्मेंद्र जैन, भूपेंद्र प्रताप सिंह, अमित रंजन सिंह, मधुकर सिंह, शहनवाज अहमद, सर्वदेव खरवार, रामजी गुप्ता और प्रधान यादव जैसे नाम शामिल हैं। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों को नई तैनाती देकर दूसरे थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था, कार्यशैली और शिकायतों को लेकर पुलिस प्रशासन काफी सख्त नजर आ रहा था। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। अचानक हुए इस बड़े फेरबदल से कई थाना क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था पर भी असर पड़ने की चर्चा है।

पुलिस विभाग के अंदर इसे “परफॉर्मेंस रिव्यू कार्रवाई” माना जा रहा है। आदेश मिलते ही संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दे दिए गए हैं।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com