मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और विरासत के स्वर्णिम अध्याय - दयाशंकर मिश्र
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 13 Jun, 2026
- 96
महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और विरासत के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। यह केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के नए युग की शुरुआत है। उक्त बातें उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से देश की जनता ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को केंद्र में रखकर चलाई गई योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिसके चलते जनता ने लगातार तीसरी बार मोदी सरकार पर विश्वास व्यक्त किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास, जनजातीय गौरव दिवस की स्थापना, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ और नए संसद भवन का निर्माण देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाले कदम हैं। उन्होंने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकार्यता ने विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से 74 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है, जबकि स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिया गया है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करीब 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन मिला है। लखपति दीदी योजना और सुकन्या समृद्धि योजना ने महिलाओं और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डिजिटल इंडिया अभियान से सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
महराजगंज में विकास को मिली नई रफ्तार
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से महराजगंज में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। 1458 करोड़ रुपये की लागत से गोरखपुर-सोनौली फोरलेन परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि 347.50 करोड़ रुपये की लागत से ठूठीबारी-महराजगंज मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। नौतनवा-झुलनीपुर इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग और एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 63,921 तथा शहरी योजना के तहत 42,111 परिवारों को आवास मिला है। 20.93 लाख लोगों को मुफ्त राशन तथा 8.56 लाख से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज, क्रिटिकल केयर अस्पताल और जल जीवन मिशन जैसी परियोजनाओं से स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
दयाशंकर मिश्र ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पिछड़े और बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। महराजगंज की पहचान अब इंसेफेलाइटिस और पिछड़ेपन से नहीं, बल्कि तेज विकास और बेहतर आधारभूत संरचना वाले जनपद के रूप में हो रही है।
प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।


