आईएमए-नीमा के संयुक्त तत्वावधान में सीएमई आयोजित, विशेषज्ञों ने साझा किए चिकित्सा क्षेत्र के नवीनतम अपडेट
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 13 Jun, 2026
- 33
महराजगंज। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) एवं नीमा महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नगर के एक होटल में सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सहयोग रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर द्वारा किया गया। इसमें जिले के करीब 60 चिकित्सकों ने भाग लेकर चिकित्सा विज्ञान के नवीनतम शोध एवं तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अर्पित श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सकों के लिए समय-समय पर आयोजित होने वाली सीएमई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने क्रॉनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) के नवीनतम अपडेट्स पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप किडनी रोगों के प्रमुख कारण हैं। समय रहते जांच और उचित उपचार से बीमारी की गंभीरता को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने हृदय रोगों के निदान एवं उपचार में आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार हो रहे नवाचार मरीजों के बेहतर उपचार का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।
वहीं न्यूरोसर्जन डॉ. त्रिपुरारी पांडेय ने मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरी विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि नई तकनीकों के माध्यम से कम चीरा, कम रक्तस्राव और शीघ्र रिकवरी के साथ रीढ़ की जटिल बीमारियों का सफल उपचार संभव हो रहा है।
कार्यक्रम का संचालन आईएमए के सचिव डॉ. डीके साहनी ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में आयोजकों ने सभी वक्ताओं, चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डॉ. एएच खुसरू, डॉ. एके गुप्ता, डॉ. बीएन वर्मा, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. ज्योत्सना ओझा, डॉ. गौरव मधेशिया, डॉ. पीके श्रीवास्तव, डॉ. टीपू सुल्तान, डॉ. अबरारुल हक, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. मल्लिका रानी, डॉ. प्रणय बिस्वास, डॉ. तनवीर खान, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. एसजेड आबेदीन, डॉ. राकेश राय कौशिक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।


