20 साल पुराने हत्या के मामले में फैसले के बाद कोर्ट परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा, पेड़ पर चढ़ा युवक

महराजगंज। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वर्ष 2005 के चर्चित हत्या मामले में आए फैसले से आहत एक युवक न्यायालय परिसर में स्थित पेड़ पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान पनियरा क्षेत्र निवासी प्रवीण यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2005 में पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में कन्हैया यादव की हत्या हुई थी। इसी मामले में सोमवार को जिला न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया। कोर्ट का फैसला पक्ष में नहीं आने पर, फैसले के बाद प्रवीण यादव आहत हो गया और न्यायालय परिसर में स्थित एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया।

युवक के पेड़ पर चढ़ने और आत्महत्या की चेतावनी देने की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना को लेकर कुछ देर के लिए न्यायालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक से लगातार बातचीत की। अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक उसे समझाया और किसी भी तरह का आत्मघाती कदम न उठाने की अपील की। करीब काफी देर तक चले प्रयास के बाद युवक अधिकारियों की बात मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया।

युवक के नीचे उतरते ही लोगों ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रही और स्थिति को नियंत्रण में रखा।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुराने हत्या मामले में आए फैसले से आहत होकर युवक पेड़ पर चढ़ गया था। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। न्यायालय परिसर में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

घटना के बाद दिनभर न्यायालय परिसर में मामले को लेकर चर्चा होती रही। फिलहाल युवक को समझाकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है तथा पुलिस पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com