फायर और विद्युत सुरक्षा जांच में 15 संस्थानों को नोटिस, तीन सील

महराजगंज। जनपद में फायर एवं विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, अध्ययन केंद्रों तथा नर्सिंग होम सहित 32 संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच में सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर 15 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीन संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अग्निशमन विभाग, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, फायर एग्जिट, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, वेंटिलेशन समेत विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अधिकारियों ने संस्थान संचालकों को निर्देश दिया कि वे फायर एवं विद्युत सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन करें तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं हर समय उपलब्ध रखें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों, मरीजों और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com