महराजगंज की 24 ग्राम पंचायतों से विकसित भारत जीरामजी योजना का शुभारंभ, जन सम्मेलनों में ग्रामीणों को दी गई जानकारी
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 02 Jul, 2026
- 68
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आधारभूत विकास को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद की 24 ग्राम पंचायतों में 'विकसित भारत जीरामजी' योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित जन सम्मेलनों के माध्यम से ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और श्रमिकों को योजना की विशेषताओं एवं लाभों की जानकारी दी गई।
विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत बांसपार बैजौली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण करना है।
प्रशासन के अनुसार, गुरुवार को जनपद की 227 ग्राम पंचायतों में 3,636 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। जन सम्मेलनों में बताया गया कि योजना के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये किए जाने का प्रावधान है। वहीं, रोजगार के दिनों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 दिन करने तथा पात्र श्रमिकों को नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण कर जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करना है।
जन सम्मेलनों में ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। कार्यक्रमों में संबंधित खंड विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, श्रमिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


