मुख्यमंत्री से मिला सिविल कोर्ट बार का प्रतिनिधिमंडल, बार सभागार व पुस्तकालय निर्माण का मिला आश्वासन

महराजगंज। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, महराजगंज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बार सभागार एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व अध्यक्ष रमेश मिश्रा, पूर्व महामंत्री एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) बृजेंद्र नाथ त्रिपाठी तथा वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान में अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बार सभागार और समृद्ध पुस्तकालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसके निर्माण से अधिवक्ताओं को अध्ययन, बैठकों और न्यायिक कार्यों के संचालन में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि बार सभागार एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण में सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश देने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद कुमार त्रिपाठी, एडवोकेट ने बताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन से जनपद के अधिवक्ताओं में नई उम्मीद जगी है। उनका कहना है कि बार सभागार एवं पुस्तकालय भवन बनने से अधिवक्ताओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और न्यायिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com