गुरु रविदास जयंती पर निकली कलश वंदन यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 01 Aug, 2026
- 48
महराजगंज। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में पावन माटी युक्त कलश वंदन यात्रा निकाली गई। वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर से लाई गई गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से युक्त कलश का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
यात्रा 31 जुलाई को महाराजगंज पहुंची थी। खेम पिपरा स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में यात्रा आगे बढ़ी। गांव की महिलाओं ने विधिवत आरती उतारकर कलश को विदाई दी।
इसके बाद यात्रा शिकारपुर पहुंची, जहां भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, प्रमुख विवेक गुप्ता, चेयरमैन संतोष जायसवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, विजय गौड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने कलश का स्वागत किया। यात्रा घुघली क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मंदिरों में पूजन-अर्चन करते हुए घुघली स्थित मंदिर पहुंची, जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पावन माटी युक्त कलश यात्रा समाज में भाईचारा, सद्भाव और समरसता की भावना को और मजबूत करेगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समता और मानव कल्याण का प्रतीक है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समरस समाज का निर्माण संभव है। प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देने के साथ नई पीढ़ी को संत रविदास जी के विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। प्रमुख विवेक गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक भेदभाव को समाप्त किया जा सकता है।
यात्रा के स्वागत के दौरान चेयरमैन संतोष जायसवाल, मनोज जायसवाल, राम आशीष, मान सिंह, प्रधान संघ घुघली के अध्यक्ष चतुर्भुजा सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बैजनाथ गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम कोमल चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।


