सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र की मौत, अज्ञात वाहन ने साइकिल में मारी टक्कर
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 20 Aug, 2026
- 34
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते शनिवार को सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। छात्र विद्यालय से पढ़कर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान नहर पुल के पास अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे संयुक्त चिकित्सालय सदर महराजगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नरायनपुर निवासी काशी के अनुसार उनका 13 वर्षीय नाती अभिषेक चौधरी पुत्र सुभाष चौधरी घुघली क्षेत्र स्थित टी.एच. मेमोरियल इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। बुधवार 15 अगस्त को दोपहर करीब साढ़े बारह से डेढ़ बजे के बीच वह विद्यालय से पढ़कर साइकिल से गांव की एक दुकान पर सामान लेने गया था। सामान लेकर घर लौटते समय नहर पुल के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और अभिषेक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना मोबाइल फोन से परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय सदर महराजगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के बाद फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


