बजाज एजेंसी में कर्मचारी से मारपीट का आरोप, एजेंसी मालिक और भतीजा नामजद
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 21 Aug, 2026
- 2
महराजगंज। कोतवाली सदर क्षेत्र में स्थित एसके मोटर्स बजाज एजेंसी में कार्यरत एक कर्मचारी ने एजेंसी मालिक और उनके भतीजे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली सदर पुलिस को दी गई तहरीर में चौपरिया निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब 14 वर्षों से एसके मोटर्स बजाज में कार्यरत है और वर्तमान में एसेसरीज इंचार्ज के पद पर तैनात है। आरोप है कि 3 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे एजेंसी में पानी गिरने की मामूली बात को लेकर एजेंसी मालिक परमजीत सिंह पुत्र त्रिलोचन सिंह और उनके भतीजे प्रभुजोत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद उसे धक्का देकर एजेंसी से बाहर निकाल दिया गया। दिनेश के अनुसार, उसने घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने पुलिस से लिखित शिकायत की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर परमजीत सिंह और प्रभुजोत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


