विधायक के लोकार्पण का बोर्ड पेड़ के सहारे, व्यवस्था पर उठे सवाल
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 22 Aug, 2026
- 56
महराजगंज। सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बोर्ड की स्थिति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सामने लगा विधायक के लोकार्पण कार्यक्रम से संबंधित बोर्ड पेड़ के सहारे खड़ा दिखाई दे रहा है।
तस्वीर में बोर्ड को किसी मजबूत स्थायी ढांचे के बजाय पेड़ और आसपास के सहारे टिकाया गया है। बोर्ड के ऊपर ‘मिशन शक्ति 5.0, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना’ के अंतर्गत महिला जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम का उल्लेख है। बोर्ड पर सदर विधायक जयमंगल कनौजिया के नाम के साथ महराजगंज के तत्कालीन डीएम संतोष कुमार शर्मा और तत्कालीन सीडीओ अनुराज जैन के नाम के साथ लोकार्पण कार्यक्रम की जानकारी दर्ज है। बोर्ड पर कार्यक्रम की तारीख 29 सितंबर 2025 अंकित है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला जागरूकता और मिशन शक्ति जैसे महत्वपूर्ण अभियान से जुड़े कार्यक्रम का बोर्ड इस तरह पेड़ के सहारे क्यों खड़ा है? क्या संबंधित विभाग या जिम्मेदारों ने बोर्ड लगाने के बाद उसकी स्थिति की सुध नहीं ली?
तस्वीर सरकारी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान देता है या फिर यह बोर्ड इसी तरह पेड़ के सहारे अपनी बदहाली की कहानी बयां करता रहेगा।


