त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगाने वाले छात्र का शव बरामद
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 09 Sep, 2026
- 230
पनियरा क्षेत्र के जर्दी गांव के भगड़ा टोले के पास मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगाने वाले कक्षा सात के छात्र हिमांशु यादव का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। कई घंटों तक चले तलाश अभियान के बाद पनियरा थाना क्षेत्र के जर्दी गांव के भगड़ा टोले के पास रोहिन नदी में शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया गया कि छात्र हिमांशु यादव ने बीते दिनों त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की जानकारी होने के बाद से ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा था। नदी का बहाव और पानी की गहराई अधिक होने के कारण बचाव टीमों को तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बुधवार को पनियरा थाना क्षेत्र के जर्दी गांव के भगड़ा टोले के पास नदी में लोगों को एक शव उतराता दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। सूचना मिलने पर छात्र के स्वजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हिमांशु यादव के रूप में की।
छात्र का शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से ही परिवार के लोग हिमांशु की सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन बुधवार को शव मिलने से उनकी उम्मीदें टूट गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्र ने किन परिस्थितियों में त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगाई, इसकी भी जांच की जा रही है।

