महिला कर्मचारियों को देर रात फोन कर परेशान करने का आरोप, डीएम से गोपनीय जांच की मांग
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 27 Aug, 2026
- 41
महराजगंज। परतावल विकासखंड के खंड विकास अधिकारी के विरुद्ध महिला कर्मचारियों को देर रात फोन कर परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में जिलाधिकारी से प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की गोपनीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बीडीओ द्वारा विकासखंड में कार्यरत महिला कर्मचारियों को देर रात करीब 12 बजे तक फोन किया जाता है। कार्यालय समय समाप्त होने के बाद भी उन पर अनावश्यक दबाव बनाए जाने तथा कथित रूप से झांसे में लेकर सार्वजनिक स्थानों पर साथ घूमने और खरीदारी करने के लिए प्रेरित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने इन आरोपों को कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत बताते हुए जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय जांच कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित महिला कर्मचारियों के बयान गोपनीय तरीके से दर्ज किए जाएं, ताकि बिना किसी दबाव के वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की जाए।
बीडीओ ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, परतावल बीडीओ कृष्ण कांत शुक्ल ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि ब्लॉक में तीन महिला सचिव और एक महिला ग्राम पंचायत अधिकारी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला कर्मचारी से कोई अनैतिक वार्तालाप तक नहीं किया गया है। बीडीओ ने लगाए गए आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब निगाह जिलाधिकारी स्तर से होने वाली संभावित जांच पर है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।


