विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 67 निरीक्षकों के तबादले; महराजगंज को मिले 14 नए निरीक्षक
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Nov, 2026
- 362
महराजगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर पुलिस महकमे में अभी से प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल शुरू हो गया है। गोरखपुर परिक्षेत्र के चार जिलों में तैनात 67 निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र की ओर से 15 नवंबर को जारी स्थानांतरण आदेश में निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती वाले जनपद में कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। इस फेरबदल में महराजगंज को 14 नए निरीक्षक मिले हैं, जबकि जिले में तैनात 10 निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है।
महराजगंज में 14 निरीक्षकों की नई तैनाती
स्थानांतरण सूची के अनुसार गोरखपुर से उमेश कुमार सिंह को महराजगंज भेजा गया है। वहीं देवरिया से चतुर्भुज पांडेय, राहुल सिंह, कल्याण सिंह सागर, दिलीप कुमार पांडेय, राकेश सिंह और दुर्गेश कुमार सिंह को महराजगंज में तैनाती दी गई है। इसके अलावा कुशीनगर से दिग्विजय नारायण राय, सत्य प्रकाश सिंह, भैया छविनाथ सिंह, अनिल कुमार यादव, राजेश कुमार, दया शंकर यादव और रामचंद्र राम को महराजगंज भेजा गया है।
महराजगंज से 10 निरीक्षक दूसरे जिलों में भेजे गए
जिले में पहले से तैनात निरीक्षकों में सत्येन्द्र कुमार राय को गोरखपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं प्रमोद कुमार को देवरिया भेजा गया है। इसके अलावा मनोज कुमार राय, अनिल कुमार यादव, देवेंद्र लाल, धर्मेंद्र कुमार सिंह, अजीत कुमार शुक्ला, अजय कुमार राय, शशिनाथ भारती और सुधाकर प्रसाद को कुशीनगर में नई तैनाती दी गई है।
चार जिलों में इस तरह हुआ स्थानांतरण
स्थानांतरण सूची के मुताबिक गोरखपुर से 21 निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है। इनमें 11 देवरिया, नौ कुशीनगर और एक महराजगंज पहुंचेगा। देवरिया से 15 निरीक्षकों का स्थानांतरण हुआ है। इनमें छह महराजगंज, सात कुशीनगर और दो गोरखपुर भेजे गए हैं। इसी तरह कुशीनगर से 21 निरीक्षकों को स्थानांतरित किया गया है, जिनमें छह देवरिया, सात महराजगंज और आठ गोरखपुर जाएंगे। वहीं महराजगंज से 10 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें आठ कुशीनगर, एक देवरिया और एक गोरखपुर स्थानांतरित किए गए हैं।
चुनावी तैयारियों के मद्देनजर हुआ फेरबदल
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के 29 अक्टूबर 2026 के पत्र का हवाला दिया गया है। इसके तहत 31 मई 2027 की निर्धारित कटऑफ तिथि को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है, जो विगत चार वर्षों में तीन वर्ष अथवा उससे अधिक समय तक संबंधित जनपद में तैनात रहे हैं। आदेश की प्रतिलिपि चारों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को भेजी गई है। साथ ही संबंधित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर नई तैनाती वाले जनपद में कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए गए हैं।


