सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ, विधायक और सीडीओ ने जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Nov, 2026
- 45
महराजगंज, 16 नवंबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। विकास भवन परिसर में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार ने सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों और प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील भी की जाएगी।
इस मौके पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों की अनदेखी और थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा खुद सुरक्षित रहने के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने जनपदवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता के साथ यातायात नियमों का व्यवहार में पालन करना जरूरी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान जनसहभागिता और प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले खतरों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य सुरक्षित यातायात को जनआंदोलन का रूप देना है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।


