
'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर चला पर्यावरण जागरूकता अभियान, जिलाधिकारी ने बच्चों संग लगाया पौधा
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 05 Jun, 2025
- 182
महराजगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिलेभर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज में आम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए अनूठी पहल की। डीएम ने बच्चों से कहा कि वे अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाएं और उसी ममता भाव से उसकी देखभाल करें जैसे उनकी मां उनका करती हैं।
डीएम ने कहा कि गंगा दशहरा और अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की शुरुआत की गई है। यह जनपद में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने बच्चों को पेड़-पौधों की महत्ता बताई और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने की अपील की। इस अवसर पर डीएफओ महराजगंज भी मौजूद रहे, जिन्होंने डीएम के साथ पौधरोपण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस पर मणिकौरा ग्राम पंचायत, फरेंदा में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, आज संध्या को त्रिमुहानी घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने 4 जून को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया था, जिसमें अधिकारीगण भी श्रमदान करते नजर आए।
डीएम ने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में सहयोग करें। उन्होंने प्लास्टिक के प्रयोग से बचने और जल स्रोतों में गंदगी न फैलाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिष्ठान्न वितरित किया गया।
इस मौके पर सीएमओ महराजगंज, बीएसए ऋद्धि पांडेय, बीईओ सदर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बीएसए ने बताया कि जिले के सभी 1709 परिषदीय विद्यालयों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई जा रही है।